गुरुग्राम। उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की हालत गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में अभी भी गंभीर बनी हुई है। उनको रविवार को स्वास्थ्य अधिक खराब होने पर मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सोमवार को भी मुलायम सिंह की हालत में कोई उल्लेखनीय सुधार नहीं हुआ है। वहीं प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी मुलायम सिंह यादव का हाल जाना है।

अस्पताल सूत्रों के अनुसार रविवार रात को डायलिसिस करने के बाद भी सोमवार सुबह मुलायम सिंह यादव की हालत में कोई सुधार नहीं आया है। उनकी हालत पहले की तरह ही गंभीर बनी हुई है। उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है।
डाक्टरों की एक टीम लगातार उनके स्वास्थ्य पर नजर रख रही है। रविवार रात को तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उनकी डायलिसिस भी की गई है। बताया जा रहा है कि संक्रमण पूरे शरीर में फैलने की वजह से डायलिसिस की गई।

वहीं उनकी पोती अदिति यादव ने मेदांता में इलाज के दौरान की तस्वीर जारी कर लोगों से अनुरोध किया है कि वे उनके शीघ्र स्वास्थ्य की ईश्वर से कामना करें। इस वहीं समाजवादी पार्टी की ओर से जारी आधिकारिक बयान में भी कहा गया है कि उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। इसके साथ ही सपा कार्यकर्ताओं से यह भी अपील की गई है कि वे गुरुग्राम स्थित अस्पताल में बाहर ना जमा हों।