शामली। चौसाना क्षेत्र में जिजौला गांव में मंगवार देर रात कमरे के चारों दीवारें भरभरा कर गिर गई। जिससे कमरे में सो रहे 9 लोग दब गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिसमें सात की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित पक्ष प्रधान पक्ष पर दीवार गिराने का आरोप लगा रहा है।
गांव जिजौला में इकराम एवं यासीन सहित नौ लोग एक कमरे में सो रहे थे। चारों दीवार के ऊपर सीमेंट की चादर डालकर कमरा बना हुआ था। देर रात करीब दो बजे कमरे की चारों दीवारें गिर गईं। जिससे सभी लोग दब गए। शोर.सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां गंभीर रूप से घायल सात लोगों को मुजफ्फरनगर रेफर कर दिया गया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुरानी रंजिश में प्रधान पक्ष के लोगों ने दीवार गिरा दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
