दिल्ली/चंडीगढ़ l केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज महाराष्ट्र के मुंबई में IGF Annual Investment Summit – NXT10 को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाले महीनों में लोकतंत्र की शुरूआत करने वाले भारत में चुनाव होने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत में होने जा रहे चुनाव आने वाले 25 वर्ष का भविष्य तय करने वाले होंगे। उन्होंने कहा कि पिछले 10 साल में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश में हर क्षेत्र में आमूलचूल परिवर्तन हुए हैं और उस नींव पर आज़ादी की शताब्दी के समय 2047 में भारत कहां होगा, ये निर्धारण अगले 5 साल में होगा।
उन्होंने कहा कि ये चुनाव लोकतंत्र के साथ-साथ गरीब कल्याण, जनकल्याण, परंपरा और तकनीक के बीच सिनर्जी और लोकतंत्र और सुरक्षा सुनिश्चित करने का त्यौहार है। इस अवसर पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे सहित अनेक मणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश आज self-confident, self-reliant, dormant से dynamic government, regressive से progressive growth और fragile से top economy की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि ये यात्रा दशकों तक चलेगी और मोदीजी द्वारा हमारे सामने रखे गए लक्ष्य, 2047 तक भारत पूर्ण विकसित, आत्मनिर्भर और शीर्ष अर्थव्यवस्थाओं में शुमार होगा, ज़रूर पूरे होंगे। उन्होंने कहा कि इन लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए हमारे पास पिछले 10 साल की परफॉर्मेंस और अगले 25 साल का रोडमैप है।
शाह ने कहा कि पिछले 10 साल में हुए परिवर्तनों को समझने के लिए उससे पहले के काल में क्या हुआ, उसे समझना होगा। श्री शाह ने कहा कि हमें 10 साल पहले क्या मिला था और आज हम कहां खड़े हैं, वही नरेन्द्र मोदी सरकार के मूल्यांकन का पैरामीटर हो सकता है। उन्होंने कहा कि 2014 में अर्थव्यवस्था जर्जर थी, निवेशकों का भरोसा उठ गया था, 12 लाख करोड़ रूपए के घोटालों ने देश के आत्मविश्वास को हिला दिया था, देश में crony-capitalism चरम पर था, मंहगाई आसमान छू रही थी, fiscal deficit काबू से बाहर था, ईज़ ऑफ डूइंग बिज़नेस रैंकिंग में हम बहुत नीचे पहुंच गए थे और देश की सुरक्षा व्यवस्था भी बहुत कमज़ोर हो चुकी थी।
उन्होंने कहा कि उस वक्त देश की जनता ने नरेन्द्र मोदी जी को पूर्ण बहुमत देने का निर्णय लिया और ये सरकार बनी। श्री शाह ने कहा कि उससे पहले देश में 30 साल तक राजनीतिक अस्थिरता का दौर था और बहुत लंबे समय बाद किसी को पूर्ण बहुमत मिला था। श्री शाह ने कहा कि वहीं से सुरक्षा, शिक्षा, इनोवेशन और अर्थव्यवस्था के रूप में विकास से भारत की ग्रोथ स्टोरी शुरू होती है। उन्होंने कहा कि 2004 से 2014 के बीच औसत मंहगाई दर 8.2 प्रतिशत थी और 2010, 2011 और 2013 में ये डबल डिजिट में थी, लेकिन आज हम लगातार इसे 5 प्रतिशत से नीचे मेंटेन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने बैंकों, forex mismanagement को ठीक किया और इसके बाद अलग प्रकार की राजनीति की शुरूआत हुई।
अमित शाह ने कहा कि लंबे समय तक हमारे देश की राजनीति 4 नासूरों से ग्रसित रही – परिवारवाद, जातिवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण – इनमें मैरिट का कहीं कोई स्थान नहीं था। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने इन 10 साल में न सिर्फ केन्द्र बल्कि देशभर के चुनावों में सीधा लीड कर पॉलिटिक्स ऑफ परफ़ॉर्मेंस को स्थापित करने का काम किया। उन्होंने कहा कि अब परफॉर्म करने वाली सरकारें बार-बार चुनकर आती हैं और पहली बार परिवारवाद और जातिवाद से अलग माहौल बनाने का काम हमारी सरकार ने किया।
शाह ने कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में देश में पॉलिसी पैरालिसिस हो गया था, हर मंत्री अपने आप को प्रधानमंत्री मानता था और प्रधानमंत्री को कोई प्रधानमंत्री नहीं मानता था। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के 10 साल में एक भी नीति नहीं बनी, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने 10 साल में 40 से अधिक नीतियां बनाकर देश की अर्थव्यवस्था को shape देकर policy-driven state का बेस्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है।
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि अगर कोई सरकार 50 साल काम करे तो 5 बड़े फैसले ले सकती है, लेकिन मोदी सरकार ने 10 साल के कार्यकाल में ही 50 से अधिक युगांतरकारी फैसले लिए हैं जिन्हें दुनिया भी भारत की दिशा और दशा बदलने वाला मानती है। उन्होंने कहा कि 2016 में नोटबंदी कर भ्रष्टाचार और नकली मुद्रा पर रोक लगाई, 2017 में जीएसटी लाए, एनपीए की समस्या के समाधान के लिए बड़े फैसले किए, जन-धन-आधार- मोबाइल के रूप में डिजिटल लैंडस्केप का विस्तार अंतिम व्यक्ति तक किया, सर्जिकल और एयर स्ट्राइक कर पूरी दुनिया को संदेश दिया कि भारत की सेना और सीमा के साथ कोई छेड़खानी नहीं कर सकता।
उन्होंने कहा कि मोदी जी ने तीन तलाक समाप्त कर करोड़ों मुस्लिम माताओं-बहनों को अधिकार दिया, सीएए पारित कर शरणार्थियों को नागरिकता का अधिकार दिया, धारा 370 और 35ए को हटाकर कश्मीर को हमेशा के लिए भारत के साथ जोड़ दिया। श्री शाह ने कहा कि मोदी सरकार नई शिक्षा नीति लाई जिसमें भविष्य के भारत और हमारे संस्कारों की सुगंध दोनों हैं। उन्होंने कहा कि देश की महिलाओं को नीतिनिर्धारण में हिस्सेदार बनाने के लिए नारी शक्ति वंदन अधिनियम लाकर 33 प्रतिशत आरक्षण विधानसभाओं और संसद में देने का काम मोदी सरकार ने किया। श्री शाह ने कहा कि हम अंग्रेज़ों द्वारा बनाए गए क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम के 3 कानूनों की जगह तीन नए कानून लाए और ये मोदी की गारंटी है कि इन कानूनों पर अमल के बाद देश में किसी भी केस में 3 साल में न्याय सुनिश्चित होगा और तारीख पर तारीख अब भूतकाल की बात हो जाएगा।
अमित शाह ने कहा कि भारत के गौरव को न किसी ने समझा और न किसी ने इसे बढ़ाने की चिंता की। उन्होंने कहा कि देश के विकास के साथ देश के हर नागरिक का सीधा लेना-देना है। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने हमारे सारे मानबिंदुओं को सम्मानित कर देश के सामूहिक आत्मविश्वास का निर्माण किया। श्री शाह ने कहा कि हमारा नया संसद भवन मोदी जी की कल्पना है और ये दुनिया की सबसे आधुनिक और भव्य डेमोक्रेटिक व्यवस्था बनकर हमारे सामने खड़ा है। उन्होंने कहा कि राजपथ को कर्तव्यपथ में बदलने का काम मोदी जी ने किया। उन्होंने कहा कि आतंकवाद, वामपंथी उग्रवाद और हथियारबंद समूहों पर नकेल कसकर देश में शांति स्थापित करने का काम नरेन्द्र मोदी जी ने किया। उन्होंने कहा कि देश में 3 हॉटस्पॉट होते थे – नॉर्थईस्ट, वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित क्षेत्र और कश्मीर। उन्होंने कहा कि आज इन तीनों हॉटस्पॉट में हिंसा 72 प्रतिशत से अधिक कम हो चुकी है और 10 हज़ार से अधिक उग्रवादी हथियार डालकर मेनस्ट्रीम में आ चुके हैं और इससे बहुत बड़ा परिवर्तन आया है।
केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि मोदी जी ने देश के करोड़ों लोगों के जीवन में सारी मूलभूत सुविधाएं देकर उन्हें देश के विकास के साथ जोड़ने का सबसे बड़ा काम किया है। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने 10 करोड़ लोगों को गैस सिलिंडर, 12 करोड़ लोगों को शौचालय, 14 करोड़ लोगों को नल से जल, 11 करोड़ किसानों को 6 हज़ार रुपए प्रति वर्ष, 4 करोड़ लोगों को घर और 60 करोड़ लोगों को 5 लाख तक के स्वास्थ्य का खर्च देने का काम किया है। श्री शाह ने कहा कि कोई देश 60 करोड़ लोगों को अलग रखकर विकास के रास्ते पर नहीं चल सकता और आज हमारा बाज़ार 130 करोड़ लोगों का है।
