बलरामपुर (अवधेश निषाद ) । जिले के देहात क्षेत्रों में बिजली कटौती से बुरा हाल है। बिजली कब आएगी और कब जाएगी यह किसी को पता नहीं है। लोग इस बारे में जब बिजली अधिकारियों को फोन करते हैं तो या तो फोन नहीं उठता है या फिर कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है। इन सबके बीच बिजली उपभोक्ता इस भीषण गर्मी में परेशानी झेलने को मजबूर हैं।

गांव रेहरवा अचलपुर के फीडर पर अघोषित कटौती से लोग परेशान हैं। लोगों का कहना है इस बारे में कितनी बार अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। परेशान लोगों ने कहा कि योगी सरकार ने गांवों में करीब 18 से 19 घंटे बिजली का आश्वासन दिया था, लेकिन बिजली कुल तीन या चार घंटे मिल रही है।

उस पर भी इतनी बार कट लग रहा है कि बिजली रहने या न रहने से कोई फर्क ही नहीं पड़ता है। अगर कहीं कोई फाल्ट हो जाए तो उसे ठीक कराने के लिए पसीने तक छूट जाते हैं। जिससे उनकी गन्ने की फसल सिंचाई के बिना बरबाद होने की कगार पर पहुंच गई है। बिजली कटौती से परेशान लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह लोग आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।