गोंडा। एक पेट्रोल पंप पर पेट्रोल डलवाने के मामूली विवाद में दबंगों ने मैनेजर की जमकर पिटाई की। यह दबंगई काफी देर तक चलती रही। इस दौरान डायल 112 पुलिस भी मौके पर मौजूद रही, लेकिन वह भी केवल मूकदर्शक बनी रही।

मामला कर्नलगंज कोतवाली क्षेत्र में गोंडा लखनऊ हाईवे पर स्थित एक पेट्रोल पंप का है। जहां के मैनेजर कैलाश तिवारी से कुछ लोगों की कहासुनी हो गई। मामूली विवाद के चलते पहले दबंगों ने गाली गलौज की। उसके बाद मारपीट पर आमादा हो गए। मैनेजर को केबिन से खींच कर दबंगों ने जमकर पीटा। काफी देर तक दबंगई का यह सिलसिला चलता रहा।

मारपीट और दबंगई का पूरा वीडियो पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। वायरल वीडियो में डायल 112 पुलिस मौके पर खड़ी है फिर भी मैनेजर को दबंग पीट रहे हैं और डायल 112 मूक दर्शक बनी तमाशा देख रही है। पीड़ित पेट्रोल पंप मैनेजर कैलाश तिवारी की तहरीर पर गुड्डू सिंह, फहद उर्फ अनवर, सुमित, बाबू, पिंकू, वीरेंद्र सिंह के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।