मुजफ्फरनगर। शाहपुर में कांवड़ यात्रियों के स्वागत के लिए नगर पंचायत अध्यक्ष हाजी अकरम की ओर से लगाए गए होर्डिंग पर विवाद शुरू हो गया है। भाजपा के मंडल अध्यक्ष एकांश त्यागी ने थाने में तहरीर देकर चेयरमैन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। चेयरमैन पर भाजपा की छवि खराब करने का आरोप भी लगाया गया है।
मुजफ्फरनगर से शाहपुर, बुढ़ाना और बड़ौत होते हुए शिव भक्त कांवडि़ए पुरा महादेव मंदिर और हरियाणा के शिवालयों में जलाभिषेक करते हैं। शाहपुर नगर पंचायत भी कांवडिय़ों के स्वागत में जुटी है। चेयरमैन हाजी अकरम ने मुख्य मार्ग पर स्वागत के होर्डिंग लगाए हैं।
इन होर्डिंग पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसौदिया, केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान और कौशल विकास राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल के फोटो भी प्रयोग किए गए हैं। भाजपा के शाहपुर मंडल अध्यक्ष एकांश त्यागी ने थाने में तहरीर दी है।
भाजपा के नौ साल के कार्यकाल से प्रभावित
प्रकरण में नगर पंचायत अध्यक्ष की वीडियो वायरल हुई है। उनके फेसबुक खाते पर रील बनाकर यह वीडियो पोस्ट की गई है। वह कह रहे हैं कि 2024 के चुनाव में भाजपा का सहयोग करेंगे। गौरतलब है कि नगर पंचायत के चुनाव में हाजी अकरम आम आदमी पार्टी के टिकट पर चेयरमैन चुने गए थे।
आप का प्रयोग, भाजपा का जिक्र नहीं
होर्डिंग पर सबसे पहले कांवडिय़ों के सम्मान में आप लिखा गया है। लेकिन किसी भी जगह भाजपा शब्द का प्रयोग नहीं है।
