सहारनपुर। नशा तस्करों का पीछा करते समय पुलिस की कार अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई। जिसकी चपेट में आकर एक किसान घायल हो गया, जबकि कार में बैठे एक एसआई को भी गंभीर चोट आई है।
गंगोह थाने पर तैनात सब इंस्पेक्टर विपिन मलिक को स्मैक तस्कर की जानकारी मिली थी। सब इंस्पेक्टर ने कर्मचारियों के साथ अपनी आई 10 कार से बाइक सवार आरोपियों का पीछा किया। पीछा करते हुए नकुड थाना क्षेत्र के गांव नवाजपुर के पास बाइक सवार तस्कर गन्ने के खेत में घुस गए। इसी दौरान पुलिस की कार की चपेट में आकर किसान राशिद पुत्र सलाउद्दीन घायल हो गया।

पुलिस की कार भी अनियंत्रित होकर पलट गई। जिसमें दरोगा विपिन मलिक घायल हो गए। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। सूचना पर कई थानों की पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घेराबंदी कर तीन आरोपियों को पकड़ लिया।
एसपी देहात अतुल शर्मा ने बताया कि बाइक सवार स्मैक तस्करों का पीछा करते समय कार पलटने से सब इंस्पेक्टर और एक किसान घायल हुए हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने 3 आरोपियों को हिरासत में लिया है जिनसे पूछताछ की जा रही है।
