लखनऊ। बसपा प्रमुख मायावती ने दूसरे चरण की 55 में से 51 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को नया नारा भी दिया। कहा- हर पोलिंग बूथ को जिताना है, बसपा को सत्ता में लाना है। बचे हुए 4 उम्मीदवारों के नाम भी जल्द घोषित किए जाएंगे।
बेहट से रईस मलिक और नकुड़ से साहिल खान को टिकट मिला है। सहारनपुर से अजब सिंह और सहारनपुर नगर से मनीष अरोड़ा उम्मीदवार होंगे। गंगोह से नोमान मसूद का नाम है। देवबंद से चौधरी राजेंद्र सिंह उम्मीदवार होंगे। रामपुर मनिहारन से रविंद्र कुमार गोल्डू को उम्मीदवार बनाया है। नजीबाबाद से शाहनवाज आलम को टिकट मिली है।
मायावती ने कहा कि हमने कार्यकर्ताओं से कहा है कि कोविड प्रोटोकाल का पालन करते हुए चुनाव प्रचार करें। मुझे पूरी उम्मीद है कि कोरोना के विकट समय में भी कार्यकर्ता अपने उम्मीदवारों को जिताने के लिए काम करेंगे। इससे पहले 15 जनवरी को मायावती ने पहले चरण के उम्मीदवारों के नाम घोषित किए थे। हालांकि मायावती ने ये नहीं बताया कि इस बार चुनाव में बसपा किन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी।
