सहारनपुर। जिले में बारिश ने जमकर कहर बरपाया है। मिर्जापुर थाना क्षेत्र के गांव काशीपुर नौगांवा में बुधवार रात्रि तेज बारिश के कारण मकान की छत गिर गई। जिससे उसके नीचे सो रही महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया है।

मिर्जापुर थाना क्षेत्र के गांव काशीपुर निवासी प्रवीण चौहान उर्फ बंटी का घेर गांव से बाहर की तरफ है। बुधवार रात प्रवीण उनकी पत्नी डोली 37 रात करीब 12 बजे के लगभग घेर में सोने गए थे। रात्रि में एक बजे आई भयंकर बारिश में उनके घेर की साइड में खेतों में पानी भरने से एक साइड की दीवार ढह गई। जिसके चलते लिंटर तेज आवाज के साथ धड़ाम से दोनों के उपर आ गिरा। लिंटर गिरते ही डोली की मौके पर ही मौत हो गई।

लिंटर से जैसे तैसे बंटी ने स्वयं को बाहर निकालकर आसपास के घेर में सो रहे ग्रामीणों को शोर मचाकर जगाया। ग्रामीणों ने किसी तरह से डोली को बाहर निकाला परंतु उसकी मौत हो चुकी थी। बंटी को काफी चोट आई है। उसके परिजनों ने एंबुलेंस बुलाकर उसको सहारनपुर अस्पताल में भर्ती करवाया है।