हाल ही में टीवी शो ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में नट्टू काका का किरदार निभाने वाले अभिनेता घनश्याम नायक के निधन की दुखद खबर सामने आई थी। इसके बाद मनोरंजन जगत से एक और बुरी खबर सामने आई है। रामानंद सागर (Ramanand Sagar) के पौराणिक टीवी शो ‘रामायण’ (Ramayan) में रावण का किरदार निभाने वाले अभिनेता अरविंद त्रिवेदी (Arvind Trivedi) ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 83 वर्षीय अरविंद त्रिवेदी का मंगलवार (05 अक्टूबर) की रात को हार्टअटैक से निधन हो गया। बता दें कि बीते लंबे वक्त से अरविंद उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे। वहीं वो पिछले कुछ वक्त से चलने में भी असमर्थ हो गए थे।
‘लक्ष्मण’ का किरदार निभाने वाले अभिनेता सुनील लहरी ने अरविंद के निधन पर शोक जाहिर किया है। सुनील ने ट्विटर पर लिखा, ‘बहुत दुखद समाचार है कि हमारे सबके प्यारे अरविंद भाई अब हमारे बीच नहीं हैं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। मैंने अपने पिता समान, मेरे गाइड और बेहतरीन इंसान को खो दिया।’ सुनील लहरी के अलावा भी कई सेलेब्स और फैन्स ने अरविंद को सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दी है।
