लखनऊ। प्रदेश के रायबरेली में यात्रियों से भरी एक रोडवेज बस में ट्रक से टक्कर के बाद आग लग गई। इस हादसे में 5 महिलाओं डीमेट 30 यात्री बुरी तरह झुलस गए, जबकि कई यात्री घायल भी हुए हैं। आनन-फानन में लोग घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सभी लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के दौरान चालक ईयरफोन ठीक करने में भी लगा था।

जानकारी के मुताबिक उत्तरप्रदेश परिवहन निगम की यूपी 32 एन 9012 सोमवार शाम यात्रियों को लेकर रायबरेली से लखनऊ जा रही थी। बताया जा रहा है कि ड्राइवर और कंडक्टर ने करीब 100 लोगों को बस में बिठा लिया था। जिसके चलते बस ओवर लोड थी, वहीं बस की गति भी काफी तेज थी।

बताया जा रहा है कि जैसे ही बस रायबरेली जिले के हरचंदपुर थाना क्षेत्र के गंगागंज पहुंची तो ओवरलोड व तेज गति होने के कारण आगे चल रहे एक ट्रक में जा घुसी। जिसके बाद बस डिवाइडर पर जा घुसी और बस के फ़्यूल टैंक में आग लग गई। देखते ही देखते पूरी बस आग का गोला बस गई।

उधर बस में आग लगते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। कुछ सवारियां तो सुरक्षित बाहर निकल गईं वहीं अन्य लोगों को आसपास मौजूद लोगों ने बाहर निकाला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और झुलसे व घायल यात्रियों को अस्पताल में भर्ती कराया। करीब 30 लोगों के झुलसने की खबर है जिसमें से 6 की हालत नाजुक है।