नई दिल्ली। रूस ने उक्रेन में अब तक का सबसे बड़ा हमला किया है। जिससे उक्रेन को काफी नुकसान उठाना पड़ा है। यही नहीं कई लोगों के मारे जाने की भी खबर है। इस बारे में खुद रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि उसने यूक्रेन पर फिर से हाइपरसॉनिक मिसाइलें दागी हैं। रूस के रक्षा मंत्री इगोर कोनाशेंकोव ने कहा कि रूस ने अपने सबसे नए हाइपरसॉनिक मिसाइल से यूक्रेन पर हमला किया है। इस हमले में देश के दक्षिण में स्थित ईंधन भंडारण स्थल तबाह कर दिया है।

यूक्रेन और रूस के बीच पिछले 25 दिनों से चल रही जंग रुकने का नाम नहीं ले रही है। इन 25 दिनों में रूस ने लगातार यूक्रेन पर मिसाइलें बरसाई हैं। लगातार किए जा रहे हमले के कारण यूक्रेन के कई बड़े शहर तबाह हो गए हैं। वहीं दूसरी तरफ लाखों लोग देश छोड़ भाग रहे हैं।

तबाही का आलम ये है कि युद्ध में संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक यूक्रेन में अब तक कम से कम 816 नागरिकों की जान जा चुकी है। वहीं संयुक्त राष्ट्र का अनुमान है कि युद्ध की शुरुआत के बाद से यूक्रेन के अंदर लगभग 65 लाख लोग विस्थापित हुए हैं। दूसरी तरफ यूक्रेन का कहना है कि रूस ने जो बम छोड़े हैं उसमें कई बम फटे ही नहीं। उन्हें निष्क्रिय करने में सालों लगेंगे।

यूक्रेन के अभियोजक जनरल के कार्यालय ने कहा है कि यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद से उनके देश में अब तक 115 बच्चों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा इस दौरान 140 बच्चे घायल भी हुए हैं। ताजा खबर यह है कि यूक्रेन के शहर मारियुपोल को रूसी सैनिकों ने पूरी तरह घेर लिया है।

स्थानीय अधिकारियों की माने तो रूसी सैनिको द्वारा हो रहे लगातार हमले में कम से कम 2300 लोग मारे गए हैं। मारे गए लोगों में से कुछ को सामूहिक कब्रों में दफना दिया गया है। यूक्रेन का दावा है कि मारियूपोल के एक आर्ट स्कूल पर हुई बमबारी जहां बड़ी संख्या में बच्चों समेत करीब 400 लोगों ने शरण ले रखी थी । मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। संख्या पर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।