सहारनपुर। जनपद के रामपुर मनिहारान में दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर हाईस्कूल के छात्र की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक पर आए आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। पता लगने पर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर एक संदिग्ध स्कूटर मौके से कब्जे में लिया है। छात्र के चाचा देवेंद्र कुमार ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण छात्रों के बीच विवाद बताया गया है। आरोपी भी दूसरे स्कूल के छात्र बताए जा रहे हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।

रामपुर मनिहारान के मोहल्ला इकराम निवासी वंश (16) पुत्र जितेंद्र उर्फ बिल्लू कस्बे के ही गोचर कृषि इंटर कॉलेज में कक्षा 10 का छात्र था। बुधवार की दोपहर करीब एक बजे वंश दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर मदरलैंड स्कूल के पास खड़ा था। तभी, बाइक सवार दो युवकों ने वंश की गर्दन पर गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या की सूचना से आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी विशाल श्रीवास्तव मय फोर्स मौके पर पहुंचे और वारदात की जानकारी लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
घर का इकलौता चिराग था वंश, मचा कोहराम

रामपुर मनिहारान के मोहल्ला इकराम निवासी छात्र वंश के पिता जितेंद्र किसान हैं। वंश घर का इकलौता चिराग था। उसकी हत्या से जहां परिजनों में कोहराम मचा है, वहीं मोहल्लेवासी भी गमजदा है। पूरे दिन छात्र के घर पर लोगों की भीड़ लगी रही।
वंश गोचर कृषि इंटर कॉलेज में कक्षा 10 का छात्र था। बुधवार को सुबह 11 बजे तक वंश घर पर ही मौजूद था, लेकिन उसके बाद वह घर से चला गया। इस बारे में परिजनों को भी जानकारी नहीं थी कि वंश कहां गया है। दोपहर एक बजे के करीब परिजनों को सूचना मिली कि वंश की दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर मदरलैंड पब्लिक स्कूल के पास गोली मारकर हत्या कर दी। इसका पता लगते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की मां अनीता का रो-रोककर बुरा हाल हो गया। परिजन और मोहल्ले के लोग भी मौके पर पहुंच गए। मृतक के चाचा देवेंद्र ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। छात्र की मौत से मोहल्ले में सन्नाटा पसरा है।
