सहारनपुर। तल्हेड़ी बुजुर्ग में सहारनपुर-मुजफ्फरनगर हाईवे पर मंगलवार सुबह हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा सड़क किनारे खड़े ट्रक से बाइक के पीछे से टकराने के कारण हुआ।
सुबह करीब नौ बजे दोनों युवक बाइक से देवबंद की ओर से सहारनपुर जा रहे थे। तल्हेड़ी बुजुर्ग में बैंक के समीप उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि हेलमेट पहने होने के बावजूद दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई।
जांच अधिकारी लोकेश राणा ने बताया कि तलाशी के दौरान एक युवक के पास से मिले आधार कार्ड से उसका नाम कमरे आलम निवासी कुंदरकी मुरादाबाद पता चला, जबकि दूसरे युवक की पहचान नहीं हो सकी। बताया कि एक युवक के पास से मिले मोबाइल के माध्यम से परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है।
