सहारनपुर । नागल में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर बेलड़ा जुनारदार के पास गोलचक्कर पर रविवार को एक तेज रफ्तार थार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी ओर सड़क पर पलट गई। इसमें साहिल तिवारी (25) निवासी शांतिनगर कमना नगर, सक्षम उपाध्याय (22) निवासी रैनका बाग और राहुल कुमार (24) निवासी तेहड़ी बगिया आगरा की मौत हो गई, जबकि सचिन और हेमंत गंभीर रूप से घायल हुए। इन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
आगरा निवासी पांच दोस्त शनिवार रात करीब नौ बजे हरिद्वार जाने के लिए घर से निकले थे। सभी थार में थे। रविवार तड़के करीब चार बजे थार कार बेलड़ा जुनारदार के पास गोलचक्कर पर पहुंची तो चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। कार सड़क के डिवाइडर को तोड़ते हुए दूसरी ओर पलट गई। कार में सवार पांचों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। वहां चिकित्सकों ने साहिल तिवारी, सक्षम उपाध्याय और राहुल को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हेमंत वर्मा और सचिन वर्मा का उपचार शुरू कर दिया गया। हादसे में तीन युवकों की मौत से उनके परिवारों में कोहराम मच गया।
