मुजफ्फरनगर। आठ दिन पहले चरथावल क्षेत्र के बिरालसी गांव से अपह्त किए सराफ के बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी। शव को ईख के खेत में दबा दिया गया। पुलिस को गुमराह करने के लिए दो दिन पहले अपह्त को मुक्त करने के बदले उसकी दुकान पर दो लाख रूपये रंगदारी की चिट्ठी डाली गई। इसके बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया। पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर उनकी निशानदेही पर गड्ढ़े में दबे शव को बरामद कर लिया। एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गीय ने थाने पहुंचकर आरोपियों से पूछताछ की।
बिरालसी निवासी सराफ का बेटा आसू (24) 18 फरवरी को लापता हो गया था। काफी तलाश करने के बाद परिजनों ने दो दिन उसकी गुमशुदगी थाने में दर्ज कराई थी। बेटे का पता लगाने के लिए पूरा परिवार और रिश्तेदार ढूंढने में जुटे थे।
दो दिन पूर्व अल सुबह उसकी दुकान पर दो लाख रुपये की चिट्ठी डालकर फिरौती की मांग की गई थी। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस हरकत में आई और छानबीन शुरू की। बिरालसी गांव के सुमित, हिमांशु और रमेश को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस के सामने आरोपियों ने अपह्म्त युवक की 18 फरवरी में गला दबाकर हत्या करने की बात स्वीकार की। शव को एक ईख के खेत में छिपा दिया।
शनिवार शाम को थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर बौद्ध ने पुलिस बल के साथ थानाभवन मुख्य मार्ग पर बंधन पैलेस के पीछे राजपाल के ईख के खेत में पहुंचे। वहां आरोपियों की निशानदेही पर गड्ढें में दबे शव को बरामद कर लिया।
एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गीय ने पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की। उन्होंने बताया आरोपियों ने परिजनों को गुमराह करने की नियत से चिट्ठी भेजी थी। शुरूआती जांच में पता चला कि पुरानी रंजिश में आरोपियों ने हत्या की है।
