बिजनौर। शहर के वीरा कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड मैनेजमेंट में एक शिक्षक की शर्मनाक हरकत सामने आई। इंजीनियरिंग की एक छात्रा ने शिक्षक से पढ़ाई को लेकर मदद मांगी तो पहले उसने दोस्ती करने का दबाव डाला। छात्रा ने इसका विरोध किया तो उसने व्हाट्सएप चैट में विल यू मैरी मी तक छात्रा को लिख दिया। छात्रा ने इसकी शिकायत क्लास में की तो पता चला शिक्षक इस तरह से दो और छात्राओं को मैसेज कर ‌रहा था। इसके बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारियों ने जमकर हंगामा किया। शिक्षक के दूसरे वर्ग से जुड़ा होने के चलते मामला और बढ़ गया। वहीं, कॉलेज प्रबंधन ने तुरंत शिक्षक को निष्कासित कर दिया। पुलिस तहरीर मिलने पर कार्रवाई की बात कह रही है।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रांत संयोजक मोहित राजपूत ने बताया कि वीरा कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड मैनेजमेंट की छात्राओं से उन्हें पता चला कि कॉलेज का एक शिक्षक ने हिंदू छात्राओं के नंबर अपने मोबाइल में सेव कर रखे ‌थे। आरोपी शिक्षक ने कई छात्राओं को आपत्तिजनक मैसेज भेजे। यहां तक कि उसने कई छात्राओं को शादी का भी प्रस्ताव दिया। इसके बारे में सोमवार को उन्होंने एबीवीपी कार्यकर्ताओं को बताया।

छात्रनेता मोहित राजपूत अपने स‌ाथियों के साथ ‌कॉलेज गए और कॉलेज प्रबंधन से बात करने की कोशिश की। छात्राओं के परिजन भी कॉलेज पहुंच गए। उन्होंने शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई न होने पर अपने बच्चों का एडमिशन दूसरे स्कूल में कराने की बात कही। आरोप है कि कॉलेज के बाकी शिक्षक छात्रों पर ही भड़क गए और उन्हें धमकाकर कॉलेज से बाहर निकालने की कोशिश की।

इस पर एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया और कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मामला बिगड़ता देखकर बाकी शिक्षकों ने आरोपी शिक्षक को निकालने की बात कहकर मामला शांत किया। छात्रनेता मोहित राजपूत का कहना है कि शिक्षक ने हिंदू छात्राओं को बहकाने और अपने झांसे में लेने की को‌शिश की है, आरोपी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। अगर कॉलेज प्रबंधन ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई नहीं की तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान विभाग संयोजक शशिकांत बालियान, जिला सहसंयोजक सुधांशु चाहल, आशु, भास्कर ,भानु, हैप्पी ,अविनाश, प्रथम, कार्तिक, अभिषेक आदि कार्यकर्ता रहे।

मैसेज हो रहे वायरल


छात्राओं को शिक्षक द्वारा भेजे गए मैसेज सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहे हैं। इनमे शिक्षक छात्राओं को शादी तक का प्रस्ताव भेज रहा है। इस तरह के मैसेज शिक्षक द्वारा भेजे जाने से अ‌भिभावकों में भी गुस्सा है।

आरोपी शिक्षक को निष्कासित कर दिया गया : सुनील भारद्वाज
वीरा कॉलेज के मीडिया प्रभारी सुनील भारद्वाज ने बताया कि‌ जिस शिक्षक पर आरोप लगे थे उसे तुरंत निष्कासित कर दिया गया। कॉलेज में ऐसे तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस भी मौके पर आ गई थी। छात्राओं के अभिभावकों से भी बात हुई थी।

छात्राओं से परिजनों को बुलाया गया : सीओ सिटी
सीओ सिटी कुलदीप गुप्ता ने बताया कि कॉलेज में हंगामे की सूचना मिली थी। छात्राओं के परिजनों को बुलाया गया है। यदि वह तहरीर देते हैं तो कार्रवाई की जाएगी।