सहारनपुर। साहब… अच्छी तरह देख लो, मैं जिंदा हूं आपके अफसरों ने तो मुझे मार ही दिया है। ऐसा कहते हुए एक बुजुर्ग महिला एसडीएम के सामने गिड़गिड़ाती रही कि उसे इंसाफ दिलाया जाए।
दरअसल, जिले के नकुड़ क्षेत्र की रहने वाली बुजुर्ग महिला सोमी को मृत बताते हुए राशन कार्ड निरस्त कर दिया गया। महिला ने एसडीएम से मिलकर कहा कि मैं जिंदा हूं। एसडीएम ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
ब्लाक नकुड के गांव नारायणपुर के ग्राम विकास अधिकारी ने तीन महीने पहले गांव की बुजुर्ग महिला सोमी पत्नी समेरचंद को मृत दर्शाकर उसका राशन कार्ड निरस्त करने की संस्तुति एडीओ पंचायत को कर दी थी। एडीओ पंचायत ने भी संस्तुति कर एसडीएम कार्यालय को अग्रसारित कर दिया। परिणामस्वरूप वृद्धा सोमी का राशन कार्ड निरस्त कर दिया गया।
वृद्धा ने बताया कि तीन माह पूर्व जब वह डिपो पर राशन लेने गई तो डिपोधारक ने उसे बताया कि उसका कार्ड निरस्त कर दिया गया है। तहसील स्थित पूर्ति कार्यालय से जानकारी करने पर उसे पता चला कि महिला सोमी की मृत्यु होने के कारण कार्ड निरस्त कर दिया गया है।
तभी से वृद्धा खुद के जीवित होने के सुबूत लेकर अधिकारियों के चक्कर काट रही है। गुरूवार को वृद्धा सोमी ने एसडीएम के समक्ष पेश होकर खुद के जीवित होने की बात कहते हुए राशन कार्ड जारी करने की मांग की। एसडीएम देवेन्द्र कुमार पांडेय ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई की बात कही है।
