मेरठ। मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेस वे पर रफ्तार के कहर और नींद की झपकी के कारण एक ही परिवार के पांच लोग असमय काल के गाल में समा गए। सोमवार की सुबह हाईवे पर तेज रफ्तार ब्रेजा कार सड़क पर खड़े एक ट्रक से टकरा गई। जिससे चार महिलाओं सहित पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में एक आठ साल का मासूम भी घायल हो गया। जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया गया कि सभी मृतक बिजनौर जिले के रहने वाले थे। सभी एक ही परिवार के थे, जो अपने ही दो परिजनों को दिल्ली एयरपोर्ट पर दुबई के लिए रवाना करने के बाद वापस लौट रहे थे। वहीं दुघर्टना के बाद पुलिस ने हादसे का सबब बने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है। परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। पांच लोगों की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वे मेरठ पहुंच रहे हैं। 

बिजनौर जिले का रहने वाला ताजिम गुरुग्राम में ठेकेदारी करता था। बताया गया कि ताजिम की पत्नी के पिता और भाई दुबई जा रहे थे। रविवार की रात ताजिम परिवार सहित अपने ससुर और साले को दिल्ली एयरपोर्ट पर छोड़ने गया था।

उन्हें एयरपोर्ट पर दुबई के लिए रवाना कर सोमवार तड़के बिजनौर वापस लौट रहा था। इसी दौरान परिवार कार समेत हादसे शिकार हो गया। लौटते समय परतापुर के नजदीक हाईवे पर काशी टोल प्लाजा पार करने के बाद ताजिम को अचानक नींद की झपकी आ गई। इसी दौरान उसकी तेज रफ्तार ब्रेजा कार बीच सड़क पर खड़े एक ट्रक से टकरा गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार के परखच्चे उड़ गए। 

कार में सवार ताजिम और उसकी पत्नी अल्मास उनके ही परिवार की तीन अन्य महिलाओं जुबेरिया, नसीमा और फाजिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, ताजिम का आठ महीने का पुत्र उमेर गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। टोलकर्मी भी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद गाड़ी में फंसे शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। साथ ही घायल मासूम को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने हादसे का कारण बने ट्रक चालक दीनू निवासी ललितपुर को गिरफ्तार कर लिया है।