बिजनौर। प्रवक्ता डॉ. प्रिया शर्मा की हत्या में पुलिस ने हत्यारोपी पति को दबोच लिया है।‌ जिससे पूछताछ की जा रही है। पकड़े में आए आरोपी ने किसी और से प्रेम होने के शक में पत्नी की हत्या सुपारी देकर करवा दी थी। पुलिस हत्याकांड में अब तक दो शूटरों सहित पांच आरोपियों को पकड़ चुकी है।

बुधवार को शहर कोतवाली पुलिस ने जजी चौराहे के पास से मृतका प्रिया शर्मा के पति कमल शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। कमल शर्मा निवासी मुरादाबाद पर 25 हजार रुपये का ईनाम भी घोषित किया गया था। हत्याकांड में पुलिस ने 16 नवंबर को विक्रांत पुत्र राजवीर निवासी गांव खलीलपुर अमरु छजलैट, अंकुर उर्फ बिट्टू पुत्र जोगराज निवासी महलकपुर, कपिल उर्फ छोटू पुत्र तेजपाल सिंह महलकपुर मुरादाबाद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अंकुर और कपिल भी 25-25 हजार रुपये के ईनामी ‌थे। 2 नवंबर को भी शूटर राजू कश्यप पुत्र चंद्रपाल निवासी खदाना मुरादाबाद को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया था। इस मामले में गोपाल शर्मा, गोलू शूटर, वर्षा सास, ननद डोली की गिरफ्तारी होना बाकी है।

29 अक्तूबर को की गई थी हत्या
29 अक्तूबर को शहर की साकेत कालोनी में आरबीडी कालेज की प्रवक्ता प्रिया शर्मा की उस वक्त हत्या कर दी गई थी जब वह सुबह के समय पैदल ही कालेज जा रही थीं। शूटर गोलू, राजू कश्यप और गोलू ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। आरोपी डेढ़ महीना पहले से प्रवक्ता को मारने के लिए रेकी कर रहे थे।

12 लाख रुपये तय हुई थी सुपारी
पुलिस के मुताबिक आरोपी कमल शर्मा ने पूछताछ में बताया है कि उसकी पत्नी प्रिया शर्मा के किसी और से प्रेम संबंध हो गए थे। अब वह उससे दूरियां बना रही थी। जिसके चलते प्रिया शर्मा और प्रेमी दोनों को ही मरवाने का इरादा बना लिया था। उधर प्रिया शर्मा की बड़ी बहन संगीता और जीजा ब्रजेश कौशिक को भी मारने की योजना थी। साढ़े पांच लाख रुपये दे दिए गए थे। करीब 12 लाख की सुपारी तय की गई थी।

प्रवक्ता हत्याकांड में उसके हत्यारोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। इस केस के चार आरोपी पहले ही पकड़ लिए गए थे। पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है – डॉ. धर्मवीर सिंह, एसपी।