साल 2020 के 51वें दादा साहब फाल्के पुरस्कार के लिए चुने गए मशहूर अभिनेता रजनीकांत को सोमवार तष्ठित इस पुरस्कार से नवाजा जाएगा। सुपरस्टार ने कहा है कि सोमवार का दिन उनके लिए खास होने वाला है। उनके लिए यह दिन इसलिए भी महत्वपूर्ण होगा, क्योंकि उनकी बेटी सौंदर्या विशागन आवाज-आधारित एक सोशल मीडिया एप लॉन्च कर रही हैं।
दरअसल, पुरस्कार की घोषणा तत्कालीन सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने इस साल अप्रैल में की थी। दिल्ली रवाना होते हुए रजनीकांत ने एक बयान में कहा, कल का दिन दो विशेष कारणों से मेरे लिए महत्वपूर्ण अवसर होने जा रहा है। पहला, भारत सरकार द्वारा मुझे दादा साहब फाल्के पुरस्कार दिया जाएगा, जो लोगों के प्यार और समर्थन का प्रतीक है और दूसरा बेटी सौंदर्या का आवाज आधारित एप सोमवार को लॉन्च किया जाएगा।
सौंदर्या ने अपने स्वतंत्र प्रयासों से लोगों के लिए ‘हूते’ नामक एक बहुत ही उपयोगी एप बनाने का बीड़ा उठाया था। अभिनेता ने बताया कि यह देश का पहला आवाज आधारित सोशल मीडिया एप है। उन्होंने कहा, लोग अब अपनी आवाज के माध्यम से अपने विचारों, इच्छाओं को हू-ब-हू वैसे ही व्यक्त कर सकते हैं जैसे कि वे अपनी पसंद की किसी भी भाषा में लिखित रूप में करते हैं। रजनीकांत की फिल्म ‘अन्नाथे’ दीपावली पर रिलीज होने वाली है। उन्होंने कहा कि वह सोमवार को अपनी आवाज में ‘अपनी तरह के इस पहले’ एप की शुरुआत करेंगे।
