बस्ती l Basti news सोनहा थाना क्षेत्र के करौता गांव में एक 15 वर्षीय किशोरी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में टिनशेड में लटका मिला। मृतका की पहचान ज्योति (15) पुत्री हरिलाल के रूप में हुई है। परिजनों ने शव देखकर तुरंत उसे नीचे उतार लिया और अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी। इसी बीच किसी ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी।
सूचना मिलते ही एसआई जयविंद यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिवार के अनुसार, ज्योति आठवीं कक्षा में पढ़ती थी। शनिवार को परिवार के सभी सदस्य किसी काम से बाहर गए हुए थे। जब वे वापस लौटे तो देखा कि ज्योति का शव घर के पास टिनशेड की कुंडी से लटक रहा था।
घटना के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है। प्रभारी निरीक्षक मोतीचंद राजभर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
