गोंडा। एक महिला और उसके दो मासूम बच्चों की बड़ी बेरहमी से हत्या कर दी गई। इससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मामले की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस के अलावा आईजी देवीपाटन रेंज, डीएम, एसपी और एसडीएम सदर मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
जनपद के खरगूपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम देवरिया कला में यह वारदात हुई है। शुक्रवार को दोपहर एक ही परिवार की महिला( 26), उसके दो बच्चे जिसमें एक की उम्र 1 वर्ष और दूसरे की उम्र 6 साल की है, इनकी बड़ी बेरहमी से हत्या कर दी गई। एक साथ तीन लोगों की हत्या से जहां क्षेत्र में सनसनी फैल गई वही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी मिलते ही खरगूपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और उसने एक व्यक्ति को इस संबंध में हिरासत में भी ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। आईजी देवीपाटन रेंज भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पूरे मामले की जांच कर शीघ्र ही खुलासा करने का आदेश दिया है।
