देहरादून। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अचानक विकासखण्ड पाबौ के अन्तर्गत ग्राम धारकोट पहुंचे, जहां उन्होंने शहीद जवान विपिन सिंह ( 57 बंगाल इंजीनियरिंग ) के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, जिलाधिकारी डॉ. विजय जोगदण्डे, एसएसपी पी रेणुका देवी सहित अन्य गणमान्य ने शहीद के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित किए। सेना के जवानों द्वारा शहीद विपिन सिंह के पार्थिव शरीर को सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव धारकोट में लाया गया जहां सैन्य सलामी दी गई।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शहीद के परिजन माता एवं पिता से मिलकर उनको सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि शहीद विपिन सिंह के परिवार को राज्य सरकार द्वारा हर संभव मदद दी जाएगी। उन्होंने भगवान से प्रार्थना की, कि इस विकट घड़ी में भगवान उनके परिवार को सहन शक्ति प्रदान करें तथा शहीद विपिन सिंह को अपने चरणों में स्थान दें। कहा कि शहीद विपिन सिंह एक परिवार का ही नही बल्कि देश का बेटा है।
मुख्यमंत्री धामी ने घोषणा की कि शहीद के गांव को जाने वाली रोड का नाम तथा इंटर कॉलेज का नाम शहीद विपिन सिंह के नाम पर रखा जाएगा।

सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि दुनिया में इससे बड़ा दुख और कोई नही हो सकता कि किसी का जवान बेटा चला जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि सरकार हर समय शहीद के परिवार के साथ है। इस दौरान एसडीएम सदर आकाश जोशी, सीओ सदर प्रेमलाल टम्टा, सीओ श्रीनगर श्यामदत्त नौटियाल सहित अन्य अधिकारी व ग्रामीण उपस्थित थे।