बिजनौर। आवास विकास कालोनी में चौकीदारी करने वाले बुजुर्ग अचानक आग लगने से जिंदा जल गया। आग में जलने से मौत होने की जानकारी बुधवार की दोपहर लग सकी। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हल्दौर थाना क्षेत्र के गांव शाहनगर के रहने वाले विशम्बर सक्सेना (70) पुत्र सुकवासी बिजनौर शहर की आवास विकास कालोनी में चौकीदारी करते थे। पिछले 25 सालों से रात को सीटी बजाकर लोगों को सचेत करना उनकी जिम्मेदारी थी। विशम्बर सक्सेना ने रहने का ठिकाना आवास विकास कॉलोनी के खाली पड़े एक आवास को बनाया हुआ था। मंगलवार की रात साढ़े बारह बजे उसने कॉलोनी में घूम घूमकर सीटी बजाई थी, इसके बाद चौकीदार जाकर सो गया था।
बुधवार की दोपहर पुलिस को सूचना मिली कि चौकीदार कमरे में मृत पड़ा हुआ है। चौकी प्रभारी संदीप ने मौके पर जाकर देखा तो चौकीदार का शव अधजला हुआ शवा नीचे पड़ा हुआ था। बिस्तर और कमरे में रखा अन्य सामान भी जलकर राख हो चुका था। आशंका जाहिर की गई कि रात में किसी वक्त मोमबत्ती या अन्य किसी वजह से बिस्तर में आग लग गई। आग लगने से जलकर चौकीदार की मौत हो गई।
बुधवार की सुबह रिश्ते के एक धेवता चौकीदार के पास पहुंचा तो मामले की जानकारी हो सकी। बताया कि बुजुर्ग परिवार में अकेला था, जिसकी शादी नहीं हुई थी। पुलिस ने मृतक के रिश्तेदारों को सूचना दी। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम ने बताया कि जिस कमरे में चौकीदार सोया था, वह अंदर से बंद था। रात में किसी समय बिस्तर में आग लग गई। जिससे जलकर चौकीदार की मौत हो गई। आग कैसी लगी, यह जानकारी नहीं हो सकी है।
