बागपत। पेट्रोल पंप लूटकर भाग रहे बदमाशों की पुलिस के साथ आमने सामने की मुठभेड़ हो गई। जिसमें पुलिस ने एक बदमाश को मार गिराया, जबकि उसके दो साथी फरार होने में सफल रहे। वहीं एक पुलिसकर्मी भी बदमाशों की गोली लगने से घायल हो गया है।

छपरौली थाना क्षेत्र के तुगाना में एक पेट्रोल पंप पर बदमाशों ने लाखों रुपये लूट लिए। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने बदमाशों की तलाश मंे कांबिंग शुरू कर दी। जंगलों में बुधवार रात पुलिस कांबिंग करती रही। इस बीच पास में बदमाशों के होने की सूचना पुलिस को मिल गई। इसके बाद पुलिस ने बदमाशों को घेर लिया।

अपने को घिरा देखकर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद बदमाशों और पुलिस के बीच आमने सामने की फायरिंग होने लगी। जिसमें गोली लगने से लोनी गाजियाबाद निवासी बदमाश ललित कुमार शर्मा की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी फरार होने में कामयाब रहे। इस दौरान गोली लगने से एक पुलिसकर्मी को भी गोली लग गई, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बदमाश के पास से लूटी गई रकम, एक पिस्टल और एक तमंचा बरामद किया है। अधिकारियों ने टीम में शामिल पुलिस कर्मियों को बधाई दी है।