बागपत। अमीनगर सराय के कमाला गांव में बुधवार रात बदमाशों ने सैनिक के परिवार को तमंचे के बल पर बंधक बनाकर डकैती डाली। बदमाश सोने-चांदी के जेवरात व 47 हजार रुपये लूटकर ले गए। जाते समय परिजनों को कमरे में बंद कर गए। उन्हें दूधिया ने बृहस्पतिवार सुबह बाहर निकाला। पुलिस ने मामले को चोरी में दर्ज किया है।
ग्राम कमाला के अजयपाल पुत्र धनपाल ने बताया कि वे मेरठ डिपो में टीआई के पद पर कार्यरत हैं। उनके भाई कृष्णपाल सेना में हवलदार हैं। वह असम में तैनात हैं। दोनों के परिवार एक ही मकान में रहते हैं। वे सभी मकान में छत पर बने कमरों में सोए हुए थे। उसने बताया कि बुधवार रात तीन बदमाश मकान में घुस गए, जबकि तीन नीचे खड़े रहे। बदमाशों ने मुंह पर कपड़ा बांधा हुआ था और तमंचे लिए थे।
तमंचे के बल पर बदमाशों ने पहले बच्चों को बंधक बनाया और इसके बाद अजयपाल के कमरे में पहुंचकर उसके हाथ-पैर बांधकर सोफे पर डाल दिया। इसके बाद बदमाशों ने संदूक व अलमारी से सोने-चांदी के जेवरात समेत 47 हजार रुपये लूट लिये। बदमाश जाते वक्त अजयपाल, उनकी पत्नी व तीन बच्चों के अतिरिक्त भाई कृष्णपाल की पत्नी ललिता व दो बच्चों को कमरे में बंद कर गए।
बृहस्पतिवार सुबह दूधिया आया तो वे उसकी मदद से कमरे से बाहर आए। इसके बाद एसपी, सिंघावली अहीर पुलिस को फोन करके घटना की जानकारी दी गई। पुलिस ने वहां पहुंचकर छानबीन की और इसके बाद चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया। सीओ अनुज मिश्रा के अनुसार परिजनों को कमरे में बंद करके चोरी की गई है। इसलिए मामला चोरी में दर्ज किया गया है। इस घटना का जल्द खुलासा कर दिया जाएगा।
