बिजनौर। अमानगढ़ फोरेस्ट रेंज को पर्यटन केंद्र बनाने के लिए प्रक्रिया शुरू हो गई है। ग्लोब टाइगर फोरम की टीम ने अमानगढ़ का दौरा किया। पर्यटन की संभावनाओं व इससे आने वाली संभावित समस्याओं पर भी चर्चा की गई।
अमानगढ़ को पर्यटन क्षेत्र बनाने की मांग और कोशिश काफी समय से चल रही है। इसके लिए वन विभाग द्वारा काफी पहले ही प्रस्ताव भेज दिया गया था। पर्यटन के प्रस्ताव पर ग्लोब टाइगर फोरम के डॉ. राजेश गोपाल ने अपनी टीम के साथ अमानगढ़ में दौरा किया।

उन्होंने टाइगर कंजरवेशन प्लान के संबंध में जानकारी हासिल की। अमानगढ़ लैंड स्केप में इको पर्यटन के विकास के लिए सुविधाओं के निर्माण, टूरिस्ट मार्ग के चयन, इको पर्यटन को प्रारंभ करने में आने वाली समस्याओं, वन व वन्य जीवों के प्रबंधन पर वार्ता की।
डॉ. राजेश गोपाल ने बताया कि प्लान को जल्दी ही अंतिम रूप देकर अमानगढ़ टाइगर रिजर्व के विकास के लिए कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान डीएफओ नजीबाबाद डॉ. मनोज शुक्ला, अनिल पटेल, एसडीओ नजीबाबाद हरी सिंह, डॉ. हरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।
