सहारनपुर। थाना मिर्जापुर के गांव कासमपुर स्थित रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे हरियाणा निवासी तीन युवकों की बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा कर खाई में पलट गई। इसमें बाइक सवार तीनों युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने तीनों शव पोस्टमार्टम को भिजवाये।
हरियाणा के जिला यमुनानगर के थाना प्रताप नगर अंतर्गत गांव भूडकला निवासी गौरव पुत्र मलखान, मुस्तकीम पुत्र जुल्फान व इसरार पुत्र नसीम थाना मिर्जापुर क्षेत्र के गांव कासमपुर स्थित रिश्तेदारी में एक शादी समारोह में शामिल होने आए हुए थे। दोपहर के समय जब वह रिश्तेदारी से वापस लौट रहे थे तो मिर्जापुर के पास अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया से टकराने के बाद गहरी खाई में जाकर पलट गई।
सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। तीनों युवकों को खाई से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने पंचनामा भर शव पोस्टमार्टम को भिजवा दिये।
