मुजफ्फरनगर। तितावी थाना क्षेत्र के गांव मुकुंदपुर में उस समय हड़कंप मच गया जब 48 वर्षीय निरंकार ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि निरंकार सुबह के समय खेत पर गए थे। खेत से लौटते वक्त उन्होंने गांव के बाहर सड़क किनारे तमंचे से खुद को गोली मार ली। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई।

ग्रामीणों के अनुसार, निरंकार ने सुबह घर से खेत पर जाने की बात कहकर निकले थे। जब काफी समय तक वह घर नहीं लौटे, तो परिवार वालों को चिंता होने लगी। इसी दौरान गांव के बाहर खेतों में काम कर रहे किसानों ने गोली चलने की आवाज सुनी। जब वे मौके पर पहुंचे तो देखा कि निरंकार खून से लथपथ हालत में सड़क किनारे पड़े हैं। किसानों ने तुरंत घटना की सूचना उनके परिजनों और पुलिस को दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल की जांच करते हुए वहां से एक तमंचा और सुसाइड नोट बरामद किया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सुसाइड नोट में निरंकार ने अपने जीवन से जुड़ी कुछ परेशानियों का जिक्र किया है। हालांकि पुलिस ने सुसाइड नोट की सामग्री को सार्वजनिक नहीं किया है, लेकिन प्राथमिक जांच में आर्थिक तंगी और पारिवारिक विवाद को आत्महत्या की वजह माना जा रहा है।

परिवार के सदस्यों ने भी बताया कि निरंकार कुछ दिनों से काफी परेशान नजर आ रहे थे। लेकिन किसी को यह अंदेशा नहीं था कि वह इतना बड़ा कदम उठा लेंगे। पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है। परिजनों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि आत्महत्या के पीछे के असली कारणों का पता लगाया जा सके।

थाना तितावी के प्रभारी ने बताया कि घटना को गंभीरता से लिया जा रहा है और आत्महत्या के पीछे की वजहों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस जल्द ही सुसाइड नोट की जांच पूरी कर उसकी जानकारी साझा करेगी।