सहारनपुर। साथियों संग तालाब में नहा रहे तीन बच्चे डूब गए। जिससे हड़कंप मच गया। मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने दो बच्चों को तो बचा लिया, लेकिन एक बच्चे की मौत हो गई।
रविवार को अंबेहटा कस्बे के मोहल्ला कोटला में स्थित तालाब में बच्चे नहा रहे थे। इसी दौरान अमन पुत्र शाहिद, सुहेब पुत्र अल्ताफ व एक अन्य बच्चा तालाब मे डूबने लगे। बच्चों को डूबता देख उनके साथियों ने शोर मचा दिया जिसके बाद मौके पर काफी संख्या में लोग जमा हो गए। बच्चों की तलाश शुरू कर दी। कुछ ही देर बाद सुहेब व दूसरे बच्चे को सकुशल तालाब से बाहर निकल लिया गया, जबकि अमन की ओर किसी का ध्यान नहीं गया।
वहां खड़े अमन के चचेरे भाई सात वर्षीय केफ ने शोर मचाया कि मेरा भाई भी तालाब में डूबा हुआ है। आनन फानन में कुछ लोग फिर तालाब में घूसे तथा अमन की तलाश की। थोड़ी देर बाद ही अमन को भी तालाब से बाहर निकल लिया गया तथा हालत गंभीर देखते हुए परिजन अमन को तत्काल चिकित्सक के पास ले गए जहां।
चिकित्सक ने अमन(14) पुत्र शाहिद को मृत घोषित कर दिया। अमन की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पाकर तहसीलदार राधेश्याम शर्मा, चौकी प्रभारी क्षितिज कुमार मौके पर पहुंचे। चौकी प्रभारी क्षितिज कुमार ने बताया कि परिजनों ने किसी भी तरह की कार्रवाई से इंकार कर दिया है। पंचनामा भर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
