बिजनौर। सियालदह एक्सप्रेस में डेढ़ माह के मासूम की समय से इलाज न मिलने के कारण मौत हो गई। रेलवे स्टाफ ने नजीबाबाद में ट्रेन रोककर बच्चे का अंतिम संस्कार कराया और परिजनों को दूसरी ट्रेन से बैठाकर रवाना किया। शुक्रवार शाम को अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी जा रही ट्रेन को रोककर एक बुखार पीड़ित बालक को उपचार दिलाया गया।

मधुबनी बिहार निवासी गंभीरा देवी अपनी विवाहित पुत्री रितु मिश्रा और उसके तीन बच्चों के साथ सियालदह एक्सप्रेस से अंबाला से कोलकाता जा रही थी। ट्रेन के एस-4 कोच में सवार रितु मिश्रा के डेढ़ माह के पुत्र की शुक्रवार सुबह 5.45 बजे तबीयत खराब हो गई।

कोच में सवार यात्री ने रेलवे के हेल्पलाइन पर सूचना दी, लेकिन सहारनपुर से नजीबाबाद तक मेडिकल सुविधा नहीं मिली। नजीबाबाद स्टेशन पर ट्रेन रोककर रेलवे स्टाफ और आरपीएफ ने बालक को स्टेशन के निकट प्राइवेट चिकित्सक को दिखाया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।