बागपत। नैनीताल पुलिस की गाड़ी में बागपत के ईस्टर्न पेरिफेरल हाईवे पर ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। जिसके बाद गाड़ी डिवाइडर से टकराकर पलट गई। दुर्घटना में ऊधमसिंह नगर जिले के दिनेशपुर गांव निवासी अरुण कुमार मौर्य की मौत हो गई। हादसे में चार पुलिसकर्मियों सहित सात लोग घायल हुए हैं। हल्द्वानी एसएसपी पंकज भट्ट ने बागपत के पुलिस अधिकारियों से जानकारी ली। घायलों को दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जेल अधीक्षक सतीश सुखीजा ने बताया कि उप कारागार में बंद हत्या के प्रयास और धोखाधड़ी के आरोपी अमित, मोनू और अमरजीत को हरियाणा के जींद स्थित एडीजे कोर्ट में पेश करने के लिए पुलिस की एक टीम 28 मार्च को रवाना हुई थी। आरोपियों के साथ उपनिरीक्षक रमेश कंबोज, सिपाही प्रवीण सिंह, मनोज यादव, नवीन और अरुण कुमार मौर्या तैनात थे। बागपत जिले के ईस्टर्न पेरिफेरल हाईवे पर नैनीताल पुुलिस की गाड़ी को एक ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे पुलिस की गाड़ी डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई।

इससे सिपाही और बंदी घायल हो गए। अस्पताल पहुंचाने पर डॉक्टरों ने सिपाही अरुण कुमार मौर्या को मृत घोषित कर दिया। अरुण ऊधमसिंह नगर जिले के दिनेशपुर के रहने वाले थे। एसएसपी पंकज भट्ट ने घटना के बारे में यूपी के पुलिस अधिकारियों से संपर्क साधा है। घायलों को दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

नैनीताल जिले से पुलिस की एक टीम घायलों की मदद करने के लिए दिल्ली रवाना कर दी गई है। पुुलिस घटना के कारणों को लेकर जानकारी एकत्रित कर रही है। टक्कर मारने वाला ट्रक मध्य प्रदेश के नंबर का बताया जा रहा है।