मुजफ्फरनगर। पुरकाजी बाईपास पर देर रात आई-20 कार में पीछे से अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार गाजियाबाद के चार दोस्त गंभीर घायल हो गए। पुलिस घायलों को लेकर अस्पताल पहुंची। अस्पताल ले जाते हुए दो घायलों की मौत हो गई। चारों दोस्त हरिद्वार जा रहे थे।

गाजियाबाद के शाहपुर रोड मोरटा निवासी गौरव (32), अनिकेत त्यागी (30), दुहाई निवासी नवीन त्यागी और हरपाल मंगलवार देर रात कार में सवार होकर हरिद्वार के चले थे। कार हरपाल चला रहा था। पुरकाजी बाईपास पर होटल के नजदीक पीछे से किसी अज्ञात भारी वाहन ने कार में टक्कर मार दी।

दिल्ली-दून हाईवे से गुजर रहे वाहन चालकों ने हादसे की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची। गाड़ी में फंसे चारों युवकों को आसपास के लोगों की मदद से बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। पुलिस ने बताया कि गौरव और अनिकेत की मौत हो गई है। जबकि हरपाल और नवीन घायल है। दोनों घायलों का उपचार चल रहा है। पुलिस ने परिजनों को हादसे की जानकारी दी है। बताया गया है कि चारों दोस्त हरिद्वार में गंगा स्नान के लिए जा रहे थे।