प्रयागराज। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड ने पीजीटी-2021 के 12 विषयों के लिखित परीक्षा परिणाम घोषित करने दूसरे दिन शनिवार को साक्षात्कार की तिथि भी घोषित कर दिया है। साक्षात्कार पत्र और विषयवार तिथि चयन बोर्ड की वेबसाइट पर जारी कर दिया गया है। साक्षात्कार 5 से 20 अक्तूबर के बीच होगा। पीजीटी के शेष विषयों के लिखित परीक्षा के परिणाम भी जल्द ही घोषित किए जाएंगे।

माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड के उपसचिव एवं परीक्षा नियंत्रक नवल किशोर ने बताया कि पीजीटी 2021 के लिखित परीक्षा के घोषित 12 विषयों के परिणाम में 4780 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया गया है। इसमें कुल 1270 पद हैं। एक पद के सापेक्ष तीन अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया है।

अंग्रेजी, गणित, कला, गृहविज्ञान, संगीत वादन, जीव विज्ञान, भौतिक विज्ञान, मनोविज्ञान, तर्कशास्त्र एवं सैन्य विज्ञान के साक्षात्कार 5 से 14 अक्तूबर तक चलेंगे। जबकि संस्कृत और रसायन विज्ञान के अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 16 से 20 अक्तूबर के बीच होगा। साक्षात्कार तिथिवार, विषयवार अभ्यर्थियों की सूची चयन बोर्ड की वेबसाइट पर जारी कर दिया गया है। साथ ही अभ्यर्थियों के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं। अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन में उल्लिखित अभिलेखों को पोर्टल पर अपलोड करेंगे। साथ ही संस्था (कॉलेज) का विकल्प चयन करते हुए साक्षात्कार पत्र डाउनलोड करें।

अभ्यर्थी नियत तिथि व समय पर साक्षात्कार के लिए चयन बोर्ड कार्यालय पर अपने मूल अभिलेखों के साथ उपस्थित हों। इंटरव्यू दो सत्र में होंगे। प्रथम सत्र के अभ्यर्थियों की रिपोर्टिंग टाइम सुबह आठ बजे और दूसरे सत्र के अभ्यर्थियों की रिपोर्टिंग टाइम 12 बजे है। यदि किसी अभ्यर्थी को अभिलेख अपलोड करने, संस्था की अधिमानता भरने एवं साक्षात्कार पत्र डाउनलोड व अन्य किसी समस्या के लिए हेल्पलाइन नंबर 8468007598 पर संपर्क कर सकते हैं।

फेस मॉस्क और सेनिटाइजर जरूर लाना होगा

प्रयागराज साक्षात्कार में आने वाले अभ्यर्थियों को फेस मॉस्क और सेनिटाइजर जरूर लाना होगा। इसके अभाव में चयन बोर्ड परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को कोविड गाइड लाइन के दिशा निर्देशों का पूरी तरह से पालन करना होगा।