सहारनपुर। मजदूरी के लिए जाते समय एक युवती के साथ उसी के गांव के युवक ने रास्ते में छेड़छाड़ की। उसका मोबाइल भी तोड़ दिया। जब युवती ने उसकी शिकायत पुलिस से की, तो युवक पक्ष के लोगों ने उसके परिवार पर जानलेवा हमला किया। इस हमले में 9 महीने की मासूम बच्ची समेत तीन घायल हुए है। बच्ची को गंभीर हालत के चलते सीएचसी बेहट से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
कोतवाली बेहट क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती सुबह के वक्त मजदूरी के लिए जा रही थी। आरोप है, कि रास्ते में उसी के गांव के एक युवक ने उसका रास्ता रोक लिया और उसके साथ अश्लील हरकतें की। विरोध करने पर उसने युवती को मारा पीटा और उसका मोबाइल भी तोड़ दिया। युवती घर पहुंची और परिजनों को लेकर कोतवाली बेहट में आरोपी युवक की शिकायत की। इसका पता चलने पर देर रात युवक और उसके परिजनों ने पीड़िता के परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया।
आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला किया। इसमें 9 महीने की मासूम बच्ची आरुषि पुत्री रजत व सत्या (35) पत्नी रजत तथा रोहित पुत्र सरदार सिंह घायल हो गए। सूचना मिलने पर बेहट पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सीएचसी पहुंचाया। यहां से आरुषि को गंभीर हालत के चलते जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि रोहित व सत्या को प्राथमिक उपचार के बाद सीएचसी से ही छुट्टी दे दी गई।
बेहट इंस्पेक्टर बृजेश कुमार पांडेय ने बताया, कि घायलों का मेडिकल कराने के साथ ही आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया गया। पीड़ित पक्ष की तरफ से तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी।
