मेष
29 नवंबर से 05 दिसंबर 2021
मेष राशि के जातकों को इस सप्ताह के शुरुआत में थोड़ा तनावपूर्ण स्थितियों से गुजरना पड़ सकता है, लेकिन उत्तरार्ध में स्थितियां आपके अनुकूल हो जाएंगी। इस दौरान कुछ एक महत्वपूर्ण कार्यों में बाधाएं आएंगी, लेकिन इष्ट-मित्रों की मदद से आप सभी चुनौतियों को पार पाने में कामयाब होंगे। सेहत को लेकर इस सप्ताह बेहद सावधान रहने की जरूरत है, अन्यथा कोई पुरानी बीमारी एक बार फिर उभर सकती है। विशेष रूप से खान-पान का विशेष ख्याल रखें। धन के लेन-देन में सावधानी बरतें और किसी योजना में धन को लेकर किसी तरह का जोखिम उठाने से बचें। थोक व्यापारियों के मुकाबले छोटे कारोबारियों का समय ठीक है। प्रेम संबंधों में सावधानी के साथ कदम आगे बढ़ाएं। जरूरत से ज्यादा लव पार्टनर की जिंदगी में दखल देने से बचें, अन्यथा बनी बनाई बात बिगड़ सकती है। जीवनसाथी के साथ सुखद समय व्यतीत करेंगे।
वृषभ
इस सप्ताह आपको भाग्य और कर्म का सहयोग मिलने से मनोवांछित सफलता प्राप्त होगी। कार्यक्षेत्र में सीनियर और जूनियर दोनों का साथ मिलेगा। आय के नये स्रोत बनेंगे। राजनीति के क्षेत्र से जुड़े लोगों को बड़े पद के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी मिल सकती है। इस दौरान आप सामाजिक गतिविधियों में आप पहले से ज्यादा सक्रिय रहेंगे। सेहत की दृष्टि से यह सप्ताह सामान्य रहने वाला है। महिलाओं का अधिक समय धार्मिक एवं मांगलिक कार्यों में सहभागिता करते बीतेगा। सप्ताह के अंत तक किसी तीर्थ स्थान की यात्रा, पूजा, अनुष्ठान एवं दान आदि कर सकते हैं। कारोबार में मनोवांछित लाभ की प्राप्ति होगी। प्रेम संबंधों में चली आ रही परेशानियां कम होंगी और आपसी विश्वास और सामंजस्य बढ़ेगा। जीवनसाथी की भावनाओं की अनदेखी करने से बचेंगे तो दाम्पत्य जीवन में मधुरता बनी रहेगी।
मिथुन
मिथुन राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह सामान्य से बेहतर साबित होगा। रोजी-रोजगार की तलाश में भटक रहे लोगों को कामकाज के नए अवसर प्राप्त होंगे। कार्य-व्यवसाय में सफलता प्राप्त होगी। इष्ट-मित्रों का पूरा सहयोग मिलेगा। हालांकि इस दौरान आपको अपनी सेहत को लेकर अधिक सावधान रहने की जरूरत बनी रहेगी। साथ ही साथ वाहन सावधानीपूर्वक चलाएं, अन्यथा चोट-चपेट लगने की आशंका बनी रहेगी। सप्ताह के उत्तरार्ध में किसी वरिष्ठ व्यक्ति की मदद से भूमि-भवन आदि से जुड़े विवाद का समाधान निकल आने से राहत की सांस लेंगे। आय में निरन्तरता बनी रहेगी। प्रेम संबंधों में मजबूती आयेगी। लव पार्टनर के साथ सुखद समय व्यतीत करेंगे। जीवनसाथी के साथ आउटिंग पर जाने का मौका मिलेगा।
कर्क
कर्क राशि के जातकों को इस सप्ताह किसी कार्य भी कार्य में जल्दबाजी करने और अति आत्मविश्वास से बचना होगा। विशेष रूप से किसी कांट्रैक्ट पर साइन करने से पहले उसे अच्छी तरह से जरूर पढ़ लें। इस सप्ताह आपको कार्यों में सफलता पाने के लिए कुछ अतिरिक्त मेहनत और प्रयास करने पड़ेंगे। समय पर इष्ट मित्रों का सहयोग नहीं मिलने से मन थोड़ा खिन्न रह रहेगा। आय के मुकाबले इस सप्ताह खर्च की अधिकता बनी रहेगी। कार्यक्षेत्र में कामकाज का बोझ बढ़ सकता है। व्यवसाय में रूक-रूककर लेकिन लाभ होगा। सेहत को लेकर सावधान रहें और खान-पान का विशेष ख्याल रखें क्योंकि मौसमी बीमारी अथवा पेट संबंधी दिक्कत हो सकती है। प्रेम संबंधों में मजबूती आयेगी। कठिन समय में लव पार्टनर आपके साथ परछाईं की तरह साथ खड़ा रहेगा। पति-पत्नी के बीच परस्पर सौहार्द बढ़ेगा। सप्ताह के अंत तक परिवार में कोई मांगलिक कार्य संभव है।
सिंह
सिंह राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह सुख और सौभाग्य का साथ लिए होगा। इष्ट मित्रों का पूरा सहयोग मिलेगा। कार्य-व्यवसाय में उन्नति होगी। सप्ताह की शुरुआत में किसी वरिष्ठ व्यक्ति से मुलाकात होगी, जिसकी मदद से भविष्य में लाभ की योजनाओं पर काम करने का अवसर प्राप्त होगा। कुल मिलाकर आय के नये स्रोत बनेंगे। सेहत की दृष्टि से भी यह सप्ताह सामान्य साबित होने वाला है, हालांकि माता की सेहत को लेकर मन थोड़ा चिंतित रहेगा। किसी महिला मित्र की मदद से लव पार्टनर के साथ उपजी गलतफहमियां दूर होगी। प्रेम संबंधों में आपसी विश्वास और सामंजस्य बढ़ेगा। लव पार्टनर के साथ क्वालिटी टाइम व्यतीत करेंगे। जीवनसाथी के साथ सुखद समय व्यतीत करेंगे। सप्ताह के उत्तरार्ध में संतान पक्ष से कोई सुखद समाचार सुनने को मिल सकता है।
कन्या
कन्या राशि के जातकों का मन इस सप्ताह किसी बात को लेकर थोड़ा परेशान रह सकता है। घरेलू समस्याओं को लेकर मन में उलझन बनी रहेगी। आप कोई ठोस निर्णय नहीं ले पाएंगे। ऐसे में किसी वरिष्ठ की मदद लें और संभव हो तो बड़े फैसले को आगे के लिए टाल दें। दूसरों पर जरूरत से ज्यादा भरोसा करने से बचें और कार्यक्षेत्र में अपनी कमजोरियों को भूलकर भी किसी के सामने न प्रकट करें। इस सप्ताह आपको धन और समय दोनों का प्रबंधन करके चलना होगा, अन्यथा सप्ताह के उत्तरार्ध में परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। कारोबार में फंसे पैसे को निकालने को लेकर प्रयास कुछ हद तक सफल होंगे। प्रेम संबंधों में सावधानी के साथ कदम आगे बढ़ाएं, अन्यथा बदनामी के शिकार हो सकते हैं। जीवनसाथी की सेहत को लेकन मन थोड़ चिंतित रहेगा।
तुला
तुला राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह कभी खुशी कभी गम लिए होगा। सप्ताह की शुरुआत में बने-बनाए कार्यों में अड़चन आने से मन खिन्न रहेगा। हालांकि देर से ही सही आपके कार्य पूरे होंगे। घर के किसी वरिष्ठ सदस्य की सेहत को लेकर मन में चिंता बनी रहेगी। यदि किसी भूमि या भवन के क्रय-विक्रय की योजना बना रहे हैं तो खूब सावधानी से इस दिशा में कोई कदम उठाएं। कोई भी बड़ी डील करने से पहले किसी वरिष्ठ या शुभचिंतक की सलाह लेना न भूलें। सप्ताह के उत्तरार्ध में किसी प्रभावी व्यक्ति की मदद से आय के नए स्रोत बनेंगे। इस दौरान व्यवसाय में अपेक्षा के अनुसार लाभ की प्राप्ति होगी। यदि किसी के सामने प्रेम का इजहार करने की सोच रहे थे, तो इस सप्ताह आपकी बात बन जाएगी। दांपत्य जीवन में मधुरता बनी रहेगी और जीवनसाथी का पूरा साथ मिलेगा।
वृश्चिक
वृश्चिक राशि के जातकों को इस सप्ताह धन और समय दोनों का प्रबंधन करके चलना होगा, तभी आपको कार्यों में मनचाही सफलता मिल पाएगी। सप्ताह की शुरुआत में व्यावसायिक व्यस्तता के कारण भागदौड़ की स्थिति बनी रहेगी। कुछ नए लोगों से संबंध जोड़ने से आर्थिक लाभ के अच्छे अवसर प्राप्त हो सकते हैं। सेहत से संबंधी कुछेक समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं, ऐसे में मौसमी बीमारियों को लेकर बेहद सचेत रहें। भूमि-भवन संबंधी मामलों का निबटारा कोर्ट-कचहरी के बाहर निबटाकर लें तो ज्यादा बेहतर रहेगा। किसी इष्ट मित्र या प्रभावी व्यक्ति की मदद से कार्य-व्यवसाय के विस्तार की योजनाएं बनेंगी। लव पार्टनर के साथ बेहतर समय व्यतीत करने के अवसर मिलेंगे। दांपत्य जीवन में मधुरता बनी रहेगी। जीवनसाथी के साथ लंबी दूरी की यात्रा संभव है।
धनु
धनु राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह अत्यधिक व्यवस्तता भरा रहने वाला है। एक ओर जहां कार्यक्षेत्र में कामकाज की अधिकता बनी रहेगी तो वहीं पारिवारिक जिम्मेदारियों को निभाने की चुनौती भी बरकरार रहेगी। हालांकि इस बीच आय के नए स्रोत बनेंगे और लाभ की प्राप्ति के कई अवसर प्राप्त होंगे। कारोबार से जुड़ी लंबी या छोटी दूरी की यात्रा सफल एवं लाभदायक साबित होगी। सत्ता पक्ष की मदद से लंबे समय से अटका कोई बड़ा काम बन जाने पर राहत की सांस लेंगे। सेहत को लेकर बेहद सावधान रहने की आवश्यकता है। कोई पुरानी बीमारी एक बार फिर से उभर सकती है। प्रेम संबंधों में ईमानदार रहें और अपने लव पार्टनर की भावनाओं की अनदेखी न करें अन्यथा बने-बनाए संबंध टूट सकते हैं। जीवसाथी के साथ लंबी या छोटी दूरी की यात्रा संभव है
मकर
मकर राशि के जातकों को इस सप्ताह मानसिक अशांति तथा तनावपूर्ण स्थितियां कुछ ज्यादा देखने को मिलेंगी। इष्ट-मित्रों और सगे-संबंधियों का समय पर सहयोग नहीं मिल पाने के कारण मन थोड़ा खिन्न रहेगा। ऐसे में आपको कोई भी बड़ा निर्णय बहुत सोच-समझ कर लेना होगा। भूमि-भवन या फिर पैतृक संपत्ति से जुड़ा कोई नया विवाद सामने आ सकता है। कारोबार में फंसे धन को पाने के लिए आपको अभी थोड़ा और इंतजार करना पड़ेगा। व्यवसाय में पास के फायदे में दूर का नुकसान करने से बचें, अन्यथा बाद में पछताना पड़ सकता है। सेहत को लेकर बेहद सावधान रहें। मौसमी बीमारियों के साथ अस्थि संबंधी रोग एक बार फिर से उभर सकते हैं। प्रेम संबंधों में उपजी गलतफहमियों को सावधानी के साथ सुलझाएं अन्यथा बनी बनाई बात बिगड़ सकती है। जीवनसाथी के लिए समय निकालें और उसकी भावनाओं की अनदेखी करने से बचें।
कुंभ
इस सप्ताह कुंभ राशि के जातकों को जीवन में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिलेंगे। ऐसे में आपको समय और धन का सदुपयोग करते हुए आगे बढ़ना होगा। भूलकर भी किसी ऐसे किसी काम की जिम्मेदारी न लें, जिसके कारण आपको बड़ा नुकसान या बदनामी झेलनी पड़े। कार्यक्षेत्र में अपने कार्य को करते समय जरा सी भी लापरवाही करने से बचें, अन्यथा आप अपने सीनियर के कोप का शिकार हो सकते हैं। साथ ही साथ गुप्त शत्रुओं से भी सावधान रहें। किसी भी योजना में धन लगाते समय अपनी चादर देखकर ही पैर फैलाएं अन्यथा बाद में उधार लेने की नौबत आ सकती है। यदि आप कुछ नया करने की सोच रहे हैं तो किसी अनुभवी व्यक्ति की सलाह लेना न भूलें। प्रेम संबंध में लव पार्टनर के प्रति आकर्षण बढ़ेगा। हालांकि भावनाओं में बहकर कोई भी ऐसा कदम उठाने से बचें, जिससे बने-बनाए संबंध टूटने की कगार पर आ जाएं। कामकाज की व्यस्तता के बीच जीवनसाथी के लिए समय निकालें और उसकी भावनाओं की अनदेखी करने से बचें।
मीन
मीन राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह गाते-गुनगुनाते और मौज-मस्ती करते हुए बीतने जा रहा है। सप्ताह की शुरुआत में ही किसी मांगलिक कार्यक्रम में सहभागिता करने का अवसर प्राप्त होगा। लंबे समय बाद कई चिर-परिचितों से मुलाकात होगी। युवाओं का अधिकांश समय मौज-मस्ती करते बीतेगा। कार्यक्षेत्र में सीनियर और जूनियर दोनों का सहयोग प्राप्त होगा, जिससे आप अपना टारगेट समय पर पूरा करने में कामयाब होंगे। आय के नये स्रोत बनेंगे। पारिवारिक मसलों को सुलझाने में किसी वरिष्ठ की सलाह कारगर साबित होगी। बंधु-बांधवों का पूर्ण सहयोग प्राप्त होगा। समाजिक पद-प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। प्रेम संबंध विवाह में तब्दील हो सकते हैं। दांपत्य जीवन में मधुरता बनी रहेगी और स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। जीवनसाथी से कोई सरप्राइज गिफ्ट मिलने से मन प्रसन्न रहेगा। सप्ताह के अंत तक परिवार के साथ किसी रमणीय स्थल पर घूमने का प्लान बन सकता है।
