गोंडा। अगर आपने कुत्ता पाल रखा है तो सावधान हो जाइए क्योंकि अगर आपके कुत्ते ने किसी दूसरे को काट लिया तो आप को जेल की हवा खानी पड़ सकती है। कुछ इसी तरह का एक मामला धानेपुर थाना क्षेत्र के सुकरौली या गांव में सामने आया है। बेटे को कुत्ता काटे जाने से नाराज एक मां ने कुत्ते के मालिक के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

धानेपुर थाना क्षेत्र के सुकरौलिया गांव की रहने वाली सीता के मुताबिक उसके जेठ जगराम ने एक कुत्ता पाल रखा है। यह कुत्ता लोगों को काटता रहता है। सीता ने बताया कि उसका बेटा गांव के करीब एक बाग में खेल रहा था। इसी दौरान उस पालतू कुत्ते ने उसके 4 साल के बेटे को काट लिया
जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया है। इस मामले में सीता ने अपने जेठ जगराम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने में तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि महिला की शिकायत पर कुत्ते के मालिक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और घायल बच्चे का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।