बागपत। किसान के घर में खेतों में डालने के लिए लाया गया कीटनाशक जानलेवा साबित हो गया। निबाली गांव में रविवार शाम को कीटनाशक पीने से एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि उसके भाई की हालत गंभीर बनी हुई है। उसका अग्रवाल मंडी टटीरी के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।

निबाली का रहने वाला शौकत मजदूरी करके परिवार का गुजारा करता है। उसके दो बच्चे तीन वर्षीय अरमान व पांच वर्षीय समीर रविवार शाम को मकान में खेल रहे थे। दोनों ने खेलते वक्त की घर में रखा कीटनाशक पदार्थ पी लिया। कीटनाशक पीने के कुछ देर बाद दोनों बच्चों को हालत बिगड़ गई।

परिजन एक बच्चे अरमान को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित किया। दूसरे बच्चे समीर को अग्रवाल मंडी टटीरी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। समीर की हालत गंभीर बनी है। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि इस मामले में बच्चे के परिजनों ने पुलिस कार्रवाई कराने से इंकार कर दिया है।