बागपत । बड़ौत के कोताना गांव में 44 वर्षीय प्रमोद पुत्र मांगेराम की हत्या कर दी गई। सोमवार सुबह उनका शव गांव में ही खेत में पड़ा मिला। प्रमोद रविवार रात गांव में रामलीला देखने गए थे, लेकिन घर नहीं लौटे। सुबह खेत में शव मिलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सीओ अंशु जैन कोतवाली पुलिस के साथ मौके पर पहुंचीं। डॉग स्क्वायड की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। प्रमोद की हत्या किसने और किन कारणों से की, इसका पता लगाने के लिए पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से जानकारी जुटा रही है। मृतक की किसी से रंजिश होने सहित अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।
परिवार में पसरा मातम
प्रमोद की मौत से परिवार में मातम पसरा है। भाई विनोद, बेटे अंकुर सहित अन्य परिजन गमगीन हैं। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। सीओ बड़ौत अंशु जैन ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अभी कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
