लखनऊ। मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि शनिवार से दूरदर्शन केंद्र (डीडी न्यूज यूपी) व आकाशवाणी (आल इंडिया रेडियो) लखनऊ के माध्यम से चुनाव का प्रचार करेंगे।

विधान सभा चुनाव की ब्राडकास्टिंग व टेलीकास्टिंग के लिए 10-10 मिनट का स्लाट आवंटित किया गया है। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डा. ब्रह्मदेव राम तिवारी ने बताया कि दूरदर्शन पर पांच मार्च तक 16 दिन का प्रसारण होगा। अपराह्न एक बजे से तीन बजे तक किया जाएगा। इसी तरह आकाशवाणी, लखनऊ पर 14 दिन का प्रसारण होगा, जो सुबह 10 से 11 बजे तक व शाम 5.30 से 7.10 बजे तक दो पालियों में होगा।

उन्होंने बताया कि आकाशवाणी लखनऊ के माध्यम से जिन प्रतिनिधियों को चुनाव प्रचार के लिए समय आवंटित किया गया है उसमें 10 से 10.20 बजे तक भाजपा के बृजेश पाठक को, 10.20 से 10.30 बजे तक राकेश त्रिपाठी को, 10.30 से 10.40 बजे तक कांग्रेस की सुप्रिया श्रीनेत को, 10.40 से 10.50 बजे तक सपा के डा. राजपाल कश्यप को, 10.50 से 11.00 बजे तक बसपा के सतीशचंद्र मिश्रा को प्रचार-प्रसार के लिए समय दिया गया है। इसी तरह से दूरदर्शन के लिए समय दिया गया है।

उन्होंने बताया कि इस प्रसारण समय में एआइटीसी (आल इंडिया तृृणमूल कांग्रेस) को 90 मिनट, बीएसपी को 307, बीजेपी को 478, सीपीआइ को 92, सीपीआइ (एम) को 90, कांग्रेस को 151, एनसीपी को 90, एनपीपी को 90, आरएलडी को 107 व सपा को 303 मिनट का समय आवंटित किया गया है।