देहरादून। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामले और देश में नए वैरियंट की आहट के मद्देनजर जिला प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग एहतियाती कदम उठा रहे हैं।
इसी क्रम में अब जिले के सभी सरकारी अस्पतालों में कल बुधवार से फ्लू ओपीडी चलेगी। सीएमओ डा. मनोज उप्रेती ने इस संबंध में सभी अस्पतालों को दिशा-निर्देश जारी कर दिये हैं। सीएमओ डा. मनोज उप्रेती ने बताया कि सभी अस्पतालों में फ्लू ओपीडी चलाई जाएगी। जहां पर नजला, खांसी जुकाम, बुखार के मरीजों की स्क्रीनिंग और जांच की जाएगी। जिससे कोरोना संक्रमित लोगों की पहचान में आसानी और संक्रमण पर रोकथाम लगाई जा सकेगी।
अस्पतालों में मास्क, सोशल डिस्टेंस बनाए रखने के लिए कहा गया है। जिला स्तर पर प्रशासन, स्वास्थ्य एवं पुलिस की एक मॉनीटरिंग कमेटी बनाई गई है, जो इलाज, जांच और सर्विलांस के लिए जिले में अगुवाई करेंगे। डीएम डा. आर. राजेश कुमार ने सभी कार्मिकों को सर्तकता बरतने के साथ ही आमजन से भी कोरोना गाइडलाइन का पालन करने की अपील की है।
