लखनऊ। उत्तर प्रदेश में दूसरे चरण में नौ जिलों के 55 सीटों पर मतदान जारी है। सुबह 10 बजे तक करीब 10 प्रतिशत मतदान हो चुका था। सबसे ज्यादा मतदान अमरोहा में 10.83 प्रतिशत, संभल में 10.78, बदायूं में 9.14, बरेली में 8.36, शाहजहांपुर में 9, सहारनपुर में 9.77, बिजनौर में 10 और मुरादाबाद में 10.3 मतदान की सूचना है।

दूसरे चरण में कुल 586 उम्मीदवार मैदान में हैं। जिनके लिए करीब दो करोड़ मतदाता अपने वोट का इस्तेमाल करेंगे। इन मतदाताओं में करीब एक करोड़ पुरुष और 93 लाख महिला वोटर हैं, मतदाताओं में 1261 थर्ड जेंडर हैं।

दूसरे चरण की प्रमुख सीटों में जेल से चुनाव लड़ रहे समाजवादी पार्टी के मोहम्मद आजम खान रामपुर सदर सीट से और रामपुर जिले के ही बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र से बलदेव सिंह औलख हैं, शाहजहांपुर विधानसभा क्षेत्र से 9 बार विधायक रहे और योगी सरकार में केबिनेट मंत्री रहे सुरेश खन्ना की प्रतिष्ठा इस बार दांव पर है, रामपुर की स्वार् सीट से आजम खान के बेटे सपा के उम्मीदवार अब्दुल्लाह आजम भी मैदान में हैं। वहीं सहारनपुर की नकुड़ विधानसभा सीट से धर्म सिंह सैनी चुनावी मैदान में है।